Share this post with:
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आईपीएस अधिकारी रवि कुर्रे के बेटे के साथ मारपीट और बदसलूकी करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर उनका शहर में पैदल जुलूस निकाला। पुलिस दोनों आरोपियों को थाने से पैदल न्यायालय तक लेकर गई ताकि गुंडागर्दी करने वालों में कानून का खौफ बना रहे।
घटना 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है, जब आईपीएस के बेटे लेखांश कुर्रे अपने दोस्त विशाल सोनी और रोमी खान के साथ बौरीपारा तालाब के पास रिंग रोड पर प्रिंस गुप्ता का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान वहां मौजूद गोलू गणेश (27), आशुतोष गुप्ता (22), रतन गुप्ता, कोया डॉन और उनके साथियों से उनका आमना-सामना हुआ।
लेखांश ने जब बातचीत में आरोपी को 'गोलू गणेश' कहकर पुकारा, तो वह भड़क गया और बोला—"मैं इलाके का बड़ा गुंडा हूं और तू मुझे नाम लेकर बुलाएगा? तेरा बाप पुलिस अधिकारी होगा तो हमारा क्या बिगाड़ लेगा।" इसके बाद आरोपियों ने लेखांश को घेरकर गाली-गलौज करते हुए बेदम पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी। हमले में लेखांश के सिर, कान, कंधे और गले में गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी गोलू गणेश और आशुतोष गुप्ता को धर दबोचा, जबकि रतन गुप्ता और कोया डॉन समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Share this post with:
14 Sep 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023